कालिका माता मेले में बिजली दरों को लेकर दुकानदारों का हंगामा, दुकानें बंद कर किया विरोध-प्रदर्शन


​रतलाम। प्रसिद्ध श्री कालिका माता मेले (दिनांक 11-10-2026 से 25-10-2026) में दुकानें लगाने आए व्यापारियों और दुकानदारों ने नगर पालिक निगम रतलाम द्वारा तय की गई बिजली दरों को अत्यधिक बताते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। दुकानदारों का आरोप है कि इस बार विद्युत दरों का रेट लिस्ट इतना भारी-भरकम रखा गया है कि उनके लिए दुकानें चलाना और मुनाफा कमाना तो दूर, मूल लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है। विरोध स्वरूप दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं और मैदान में एकत्र होकर अपना आक्रोश जताया।


​50W के बल्ब के रोजाना ₹140, एक दुकान का खर्च ही ₹500 से ज्यादा


​दुकानदारों ने गणित समझाते हुए बताया कि नगर निगम द्वारा स्वीकृत व्यय सूची के अनुसार 50W LED बल्ब की दर ₹140 प्रति नग प्रतिदिन रखी गई है।


​व्यापारियों के अनुसार, एक छोटी सी दुकान को ठीक से रोशन करने के लिए कम से कम 4 बल्ब की आवश्यकता होती है। इस हिसाब से सिर्फ 50W के 4 बल्बों का एक दिन का बिजली खर्च ही ₹560 प्रतिदिन बैठता है। यदि 15 दिनों के मेले का हिसाब लगाया जाए, तो सिर्फ 4 बल्ब का खर्च ही ₹8,400 तक पहुँच जाएगा।


​रेट लिस्ट की प्रमुख स्वीकृत दरें (प्रति दिन/प्रति नग):


​नगर निगम द्वारा जारी आधिकारिक रेट लिस्ट के अनुसार कुछ प्रमुख दरें इस प्रकार हैं:
​LED बल्ब 50W: ₹140 प्रति नग
​LED बल्ब 45W: ₹120 प्रति नग
​LED बल्ब 40W: ₹65 प्रति नग
​LED बल्ब 30W: ₹45 प्रति नग
​फ्रीज: ₹250 प्रति नग
​कॉफी / सोफ्टी / पॉपकार्ण मशीन: ₹150 प्रति नग
​झूला हेतु करंट: ₹300 प्रति किलो प्रतिदिन


​दुकानदारों की माँग


​विरोध दर्ज करा रहे व्यवसायियों का कहना है कि ठेकेदार और नगर निगम द्वारा यह दरें अत्यधिक रखी गई हैं। छोटे व्यापारियों के लिए इतना भारी शुल्क चुकाना संभव नहीं है। दुकानदारों ने मांग की है कि बिजली की इन दरों को तत्काल प्रभाव से व्यावहारिक बनाया जाए और दरों में कटौती की जाए, ताकि वे सुचारू रूप से अपनी दुकानें संचालित कर सकें।

Website Design by

KAMAKSHI WEB

Contact : 9753910111

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!