
रतलाम। प्रसिद्ध सिद्ध पीठ श्री महालक्ष्मी नारायण मंदिर में दीपावली के पावन अवसर पर इस वर्ष भी परंपरा अनुसार करेंसी नोटों से अलौकिक सजावट की जाएगी। श्री महालक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर को करोड़ों रुपये के नए नोटों की लड़ियों और वंदनवारों से आकर्षक रूप दिया जाएगा।
मंदिर समिति की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, जो भी श्रद्धालु श्री महालक्ष्मी नारायण मंदिर की भव्य सजावट सेवा में अपनी ओर से नए नोटों की गड्डियां अर्पित करना चाहते हैं, वे दिनांक 26 अक्टूबर से मंदिर पहुंचकर अपनी राशि जमा करवा सकते हैं।
राशि जमा करने का समय व स्थान:
स्थान: श्री महालक्ष्मी नारायण मंदिर (कालिका माता मंदिर परिसर के पास, रतलाम)
प्रातःकालीन समय: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक
सायंकालीन समय: शाम 06:00 बजे से रात्रि 09:00 बजे तक
पहचान पत्र लाना अनिवार्य
मंदिर समिति ने सुरक्षा और पारदर्शिता के दृष्टिकोण से विशेष निर्देश जारी किए हैं। श्रद्धालु जिस भी व्यक्ति या परिवार के नाम से राशि जमा करवाना चाहते हैं, उन्हें अपने पहचान पत्र की फोटोकॉपी साथ लाना अनिवार्य होगा। जमा की गई राशि का संपूर्ण रिकॉर्ड रखा जाएगा और पूजनोत्सव संपन्न होने के पश्चात श्रद्धालुओं को उनकी राशि सुरक्षित लौटा दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि रतलाम का श्री महालक्ष्मी नारायण मंदिर देशभर में अपनी अनोखी परंपरा के लिए प्रसिद्ध है, जहां कुबेर के खजाने की तर्ज पर मंदिर की दीवारों और गर्भगृह को नोटों और आभूषणों से सजाया जाता है।
