
रतलाम। जिले में ‘स्वामित्व अधिकार निष्पादन अभिलेख पंजीयन अभियान’ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को तत्काल ‘हेल्प डेस्क’ शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान आने वाली किसी भी तकनीकी समस्या के त्वरित समाधान के लिए पटवारी और राजस्व निरीक्षक (RI) तुरंत सीएम हेल्पलाइन 181 पर संपर्क करें।
यह अभियान 17 सितंबर से 3 अक्टूबर तक तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा।
ग्राम पंचायत स्तर पर लगेंगे शिविर, हफ्ते में 3 दिन होंगे आयोजन
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार ग्राम स्तर तक किया जाए।
मुनादी और ई-केवाईसी: गांवों में मुनादी करवाकर पात्र भूमि स्वामियों को सूचित किया जाए और ई-केवाईसी के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
शिविर शेड्यूल: सप्ताह में तीन दिन ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
मैदानी अमले का समन्वय: सरपंच, सचिव, पटवारी और रोजगार सहायक आपस में समन्वय बनाकर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को इसका लाभ दिलाएंगे।
स्टाम्प ड्यूटी और पंचायत उपकर में छूट
अभियान के अंतर्गत लक्षित भूमि स्वामियों के अधिकार अभिलेखों का पंजीयन राज्य सरकार द्वारा पूरी तरह नि:शुल्क किया जाएगा। इसके लिए रजिस्ट्री में लगने वाले पंचायत उपकर और अतिरिक्त स्टाम्प ड्यूटी में छूट का विशेष प्रावधान किया गया है।
प्रतिदिन 30 से 40 रजिस्ट्री का लक्ष्य
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों के माध्यम से प्रतिदिन कम से कम 30 से 40 स्वामित्व रजिस्ट्री निष्पादित करने का लक्ष्य रखा जाए। 17 सितंबर से पहले ड्यूटी लगाने और सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
समीक्षा बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन सहित जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, पटवारी और आरआई उपस्थित रहे।
