
रतलाम। किसानों की समस्याओं और प्रशासनिक अनदेखी के खिलाफ आज जिला कांग्रेस और किसान कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट में अब तक का सबसे अनोखा और तीखा प्रदर्शन किया। कांग्रेस कमेटी जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) व पूर्व विधायक हर्ष विजय गहलोत एवं किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश भरावा कुमावत के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट का घेराव करने पहुंचे थे।
एडीएम शालिनी श्रीवास्तव से कोई ठोस आश्वासन न मिलने पर भड़के नेताओं ने विरोध के ऐसे तरीके अपनाए कि कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया।
प्रदर्शन के 3 सबसे बड़े ‘हाईलाइट्स’ और शामिल नेता:
जमीन पर लोट लगाते पहुंचे राजेश पुरोहित: किसानों की बदहाली बयां करने के लिए वरिष्ठ किसान नेता राजेश पुरोहित कलेक्ट्रेट परिसर में जमीन पर लेट गए और लुढ़कते-लुढ़कते कलेक्टर कार्यालय के मुख्य गेट तक पहुंचे।
जिंदा बिल्ली को थमाया ज्ञापन: अफसरों के अड़ियल रवैये से नाराज हर्ष विजय गहलोत और राजेश भरावा ने प्रशासन को ‘भीगी बिल्ली’ करार दिया। कार्यकर्ता मौके पर एक जिंदा बिल्ली लेकर आए और तंज कसते हुए पूरा ज्ञापन उसी के आगे रख दिया।
कृषि मंत्री का पुतला फूंका: कलेक्ट्रेट के बाहर जमकर नारेबाजी करते हुए कांग्रेसियों ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला दहन किया।
इस दौरान दीपक परमार, मुकेश पायाली, बलवंत सिंह डोडियार, दिनेश शर्मा, मंगल पाटीदार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इन प्रमुख मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई:
बिरमावल और रिंगनोद की बंद पड़ी उपमंडियों को तुरंत चालू किया जाए।
खाद वितरण की फ्लॉप हो चुकी E-TOKEN व्यवस्था और फार्मर आईडी के संकट को दूर किया जाए।
गेहूं उपार्जन केंद्रों पर किसानों को आ रही दिक्कतों का तुरंत समाधान हो।
देश के लाखों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले NEET पेपर लीक की CBI जांच हो।
