
रतलाम। विश्व फिजियोथैरेपी दिवस (8 सितंबर) और ‘राष्ट्रीय वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम’ के अंतर्गत रतलाम जिले में नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण व उपचार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिला चिकित्सालय रतलाम सहित सिविल अस्पताल जावरा और आलोट में आयोजित होने वाले इन शिविरों के माध्यम से आमजनों और वरिष्ठ नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सकों व फिजियोथैरेपिस्टों की नि:शुल्क सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बुधवार को जिला चिकित्सालय में लगेगा नि:शुल्क शिविर
सिविल सर्जन डॉ. ए.पी. सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्व फिजियोथैरेपी दिवस के उपलक्ष्य में 9 सितंबर (बुधवार) को जिला चिकित्सालय रतलाम परिसर स्थित ट्रामा सेंटर के पास नर्सिंग हॉस्टल में नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर सुबह 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक चलेगा।
शिविर में आने वाले मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों के मार्गदर्शन में नि:शुल्क परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण और फिजियोथैरेपी संबंधी उपचार सेवाएं दी जाएंगी। इस दौरान कुशल फिजियोथैरेपिस्ट मौके पर मौजूद रहकर मरीजों को आवश्यक थैरेपी और व्यायाम संबंधी परामर्श प्रदान करेंगे।
जावरा और आलोट में 15 सितंबर को आयोजन
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. किरण वाडिवा ने बताया कि राष्ट्रीय वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम के तहत 15 सितंबर को जिले के सिविल अस्पताल आलोट और सिविल अस्पताल जावरा में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। दोनों स्थानों पर शिविर का समय सुबह 9:00 बजे से रहेगा, जहां आगंतुकों को आवश्यक चिकित्सा जांच, उपचार व परामर्श नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्रीय नागरिकों और वृद्धजनों से इन निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों में पहुंचकर अधिक से अधिक संख्या में स्वास्थ्य लाभ उठाने की अपील की है।
